बूम बैरियर तोड़कर सोसाइटी में घुसा बीएमडब्ल्यू कार सवार, वीडियो वायरल हाेते ही पुलिस ने किया गिरफ्तार
नोएडा, 01 अक्टूबर (हि.स.)। थाना सेक्टर 126 क्षेत्र के सेक्टर 94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में बीएमडब्ल्यू कार में सवार एक युवक द्वारा मुख्य द्वार पर जबरदस्ती प्रवेश को लेकर एक सिक्योरिटी गार्ड के साथ विवाद हुआ तथा कार सवार बैरियर तोड़ता हुआ आगे निकल गया।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि एक अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई। वीडियो में दिखाया गया कि बीएमडब्ल्यू कार सवार युवक सेक्टर 94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी के मुख्य द्वार पर कार में सवार होकर आया। सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रूकने और एंट्री करने के लिए कहा तो युवक ने विवाद किया और कार को चलाते हुए बूम बैरियर तोड़ता हुआ चला गया। उन्होंने बताया कि इस मामले को संज्ञान में लेते हुए थाना पुलिस ने सेक्टर 15 निवासी तुषार शर्मा पुत्र लक्ष्मीकांत को बृहस्पतिवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त बीएमडब्ल्यू कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

