home page

थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

 | 
थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन


लखनऊ, 08 मई (हि.स.)। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एन00एच0एम0 उत्तर प्रदेश परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता तथा आमजन में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदान शिविर का आयोजन राजकीय रक्त केंद्र, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के सहयोग से संपन्न हुआ।

डा0 सूर्यांशु ओझा, महाप्रबंधक/प्रभारी, स्टेट ब्लड सेल ने शिविर में बताया कि ‘‘रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बन सकता है और आवश्यकता के समय रक्त तब ही उपलब्ध हो पायेगा जब हम और आप बढ़-चढ़ कर रक्तदान करेंगे।’’ आज के रक्तदान शिविर में 71 युनिट ब्लड एकत्र किया गया। शिविर में रक्तदान करने वाले मातृ स्वास्थ्य अनुभाग के परामर्शदाता प्रभाकर तिवारी ने आज 46 वीं बार रक्तदान किया। वहीं उर्पाजन अनुभाग के परामर्शदाता अरूणेश तिवारी ने दुर्लभ रक्त समूह ‘ओ निगेटिव’ ग्रुप का रक्त पहली बार दान किया, साथ ही रक्तदान शिविर में रक्त समूह ए निगेटिव की 01, बी निगेटिव की 02 एवं एबी पॉजीटिव ग्रुप की 05 यूनिट रक्त भी एकत्रित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय