रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं, युवाओं को आगे आना चाहिए : राजू पोरवाल
कानपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। रक्तदान महादान है। रक्त की एक बूंद भी किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने में मददगार साबित हो सकती है। अमर कारसेवकों का बलिदान हमेशा राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा। यह बातें रविवार को विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने लाला लाजपत राय चिकित्सालय (हैलट) के ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में कहीं। बजरंग दल कानपुर उत्तर की ओर से हिंदू हृदय सम्राट अशोक सिंहल के जन्मशताब्दी वर्ष और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में बलिदान देने वाले अमर कोठारी बंधुओं समेत कारसेवकों की स्मृति में शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. संजय काला और विशिष्ट अतिथि राजू पोरवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। दोनों ने अशोक सिंहल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
डॉ. संजय काला ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य का कार्य नहीं है। एक यूनिट रक्त किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति, गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज या प्रसूता महिला को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
राजू पोरवाल ने कहा कि रक्तदान की भावना समाज और राष्ट्र को एकजुट रखने का काम करती है। अशोक सिंहल का योगदान और अमर कारसेवकों का संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में रक्तदान करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सहयोग के लिए हैलट अस्पताल के चिकित्सकीय स्टाफ और प्रशासन का आभार जताया। कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम और अमर कारसेवक अमर रहें के नारे लगाकर बलिदानियों को नमन किया।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष नरेश महेश्वरी, जिलाध्यक्ष सुशील गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, जिला मंत्री युवराज द्विवेदी, जिला सहमंत्री कालीचरण जायसवाल, जिला संयोजक मोहित कुमार, जिला सहसंयोजक अनुभव श्रीवास्तव, गौरव झा, शिवम वर्मा, पीयूष गुप्ता, सचिन गुप्ता, किशन शुक्ला, रामू मिश्रा, राजकुमार यादव, नीलेश गुप्ता, अर्चिता, रजनी तिवारी, शैलेंद्र तिवारी, विकास रोहतगी, विकास जायसवाल, चेतन बाजपेई, अनुज तिवारी, कार्तिक, यश कोकास, अंकित गौड़ और सूरज समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

