home page

भाजपा की खीझ और ड्रामा उजागर, महिला आरक्षण लागू करे सरकार : कांग्रेस

 | 
भाजपा की खीझ और ड्रामा उजागर, महिला आरक्षण लागू करे सरकार : कांग्रेस


कानपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। राहुल गांधी का पुतला फूंकना भाजपा की खीझ और राजनीतिक ड्रामा है। महिलाओं के मुद्दों का इस्तेमाल केवल वोट बैंक के लिए किया जा रहा है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास होने के बाद भी लागू नहीं किया गया, जो सरकार की मंशा पर सवाल उठाता है। कानून का पालन सब पर समान रूप से होना चाहिए और दोषियों पर मुकदमा दर्ज होना जरूरी है। महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने के लिए सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने होंगे। यह बातें शनिवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

तिलक हाल में आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर महिलाओं के मुद्दों के राजनीतिकरण का आरोप लगाया। महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया, जिससे सरकार की नीयत पर संदेह होता है।

उन्होंने कानपुर पुलिस से राहुल गांधी का पुतला फूंकने वालों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। उनका कहना था कि यदि कोई कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री का पुतला जलाता, तो तत्काल कार्रवाई होती। पुलिस को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए, अन्यथा कांग्रेस भी विरोध के लिए बाध्य होगी।

बैठक में यह भी कहा गया कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी है और 2022 चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को दिए गए थे। यदि सरकार वास्तव में महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति गंभीर है, तो महिला आरक्षण कानून को शीघ्र लागू कर लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करे।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार इस कानून को जनगणना और परिसीमन जैसी प्रक्रियाओं से जोड़कर टाल रही है, जिससे महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार स्पष्ट समयसीमा घोषित करे और सभी वर्गों के लिए आरक्षण सुनिश्चित करते हुए कानून लागू करे।

बैठक में पवन गुप्ता, राजेश गौतम, फहद अब्बासी, शंकर दत्त मिश्रा, सुरेश बख्शी, प्रमोद गुप्ता, हमजा निहाल, संतोष शुक्ला और अजय तिवारी सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप