home page

प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और संगठनात्मक क्षमता का विकास : अनिल सिंह

 | 
प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और संगठनात्मक क्षमता का विकास : अनिल सिंह


--भाजपा यमुनापार जिला में प्रशिक्षण कार्यशाला की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

--15 व 16 मई को जिला पदाधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम, जिम्मेदारियां तय

प्रयागराज, 24 अप्रैल (हि.स)। भाजपा में जब भी नवीन संगठन का गठन होता है, तो प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति, कार्यशैली और राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से जोड़ा जाता है। जो सीखता है, वही आगे बढ़ता है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और संगठनात्मक क्षमता का विकास होता है।

उक्त विचार मुख्य अतिथि प्रशिक्षण जिला प्रभारी अनिल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार जिला इकाई द्वारा जिला पदाधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु शुक्रवार को रामपुर स्थित कैम्प कार्यालय में योजना बैठक में व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि यमुनापार के जिला पदाधिकारी मेहनती और समर्पित हैं। जिनकी सक्रियता के कारण संगठन हमेशा अग्रणी भूमिका में रहता है। उन्होंने कहा कि आगामी प्रशिक्षण कार्यशाला को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए आवश्यक रणनीति तैयार कर ली गई है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में संचालन समिति का गठन करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं हेतु जिम्मेदारियां पदाधिकारियों को सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यशाला 15 मई से 16 मई को सच्चा बाबा आश्रम अरैल में होगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला पदाधिकारियों के साथ-साथ मंडल अध्यक्ष, लोकसभा-विधानसभा के जनप्रतिनिधि, जिला कार्यसमिति के पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, महामंत्री, विभाग एवं प्रकोष्ठ के संयोजक तथा सह संयोजक भी उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र