भाजपा विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक एवं कार्यकर्ता आधारित संगठन : राजेश यादव
मुरादाबाद, 02 जुलाई(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला मुरादाबाद द्वारा गुरुवार को ठाकुरद्वारा विधानसभा में व्हाइट हाउस बैंक्विट हॉल में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राजेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक एवं कार्यकर्ता-आधारित संगठन है। भाजपा में प्रत्येक कार्यकर्ता केवल संगठन का सदस्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की इस महान यात्रा का सशक्त सहभागी है।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि भाजपा की विचारधारा 'राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और सेवा ही संगठन' के मूल मंत्र पर आधारित है, जिसके बल पर पार्टी आज देश के प्रत्येक वर्ग का विश्वास जीतने में सफल हुई है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने जनकल्याण, सुशासन, सुरक्षा, गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण एवं युवाओं के विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष आकाश कुमार पाल ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का आग्रह किया
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

