home page

भाजपा कार्य समिति की पहली बैठक सम्पन्न,प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों पर जोर

 | 
भाजपा कार्य समिति की पहली बैठक सम्पन्न,प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों पर जोर


फर्रुखाबाद, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में आवास विकास स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में जिला इकाई के गठन के बाद पहली जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 15 मई के बाद प्रस्तावित जिला प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे एवं जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी तथा कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने प्रशिक्षण वर्ग से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यसमिति के सदस्यों, प्रकोष्ठ संयोजकों, मोर्चा अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों एवं अन्य पदाधिकारियों को जानकारी दी।

पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने कहा कि पार्टी एक विचारधारा आधारित संगठन है, जो वंशवाद और परिवारवाद से दूर रहकर कार्यकर्ता आधारित संरचना को मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि नई जिला कमेटी के गठन के बाद पदाधिकारियों को संगठनात्मक संस्कार देने के उद्देश्य से प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नए पदाधिकारियों को सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि 7 मई तक मंडल स्तर पर प्रवासी कार्यकर्ताओं द्वारा बैठकों का आयोजन कर मंडल कार्यसमितियों को सक्रिय किया जाएगा तथा बूथ गठन का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण “सरल ऐप” के माध्यम से अनिवार्य होगा, जिसके लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी तथा प्रतिभागियों के लिए एक दिन का रात्रि प्रवास अनिवार्य रहेगा।

जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने कहा कि भाजपा का संगठन देश में सबसे मजबूत है और इसी संगठनात्मक शक्ति के आधार पर पार्टी ने विभिन्न राज्यों में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को और सुदृढ़ करने के लिए प्रशिक्षण वर्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें पार्टी की विचारधारा, नीतियां और केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिला कार्यसमिति की बैठक संगठन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडल प्रवासी, मंडल अध्यक्षों के साथ समन्वय कर मंडल कार्यसमितियों का सत्यापन कार्य पूरा करें तथा बूथ सत्यापन भी सुनिश्चित करें। साथ ही सभी मंडलों से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों एवं लोकतंत्र सेनानियों की सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर सांसद मुकेश राजपूत, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, विमल कटियार, भास्कर दत्त द्विवेदी, वीरेंद्र सिंह राठौर, सत्यपाल सिंह, डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, दिनेश कटियार रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar