home page

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपाइयों ने किया नमन, राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

 | 
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपाइयों ने किया नमन, राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प


देवरिया, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सोमवार को भाजपा किसान मोर्चा देवरिया की ओर से नई कॉलोनी स्थित फिटनेस पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं नेडॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय एकता के आदर्शों को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन कुमार मिश्र ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और बलिदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने के लिए डॉ. मुखर्जी ने एक निशान, एक विधान, एक प्रधान का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं तथा सभी को उनके राष्ट्रहित और राष्ट्रसेवा के आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए।

पूर्व जिला मीडिया प्रभारी अंबिकेश पांडेय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उनके सिद्धांत, राष्ट्रभक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व से युवाओं को निरंतर प्रेरणा मिलती रहेगी।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन और उनके योगदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर रत्नेश्वर गर्ग, डॉ. विनोद पांडेय, राजू कुमार, अमरजीत, अनमोल मिश्रा, वेदांत पांडेय, विजय कुशवाहा, संदीप गोंड़, अरुण मिश्र सहित भाजपा किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक