home page

भगवान श्रीराम के कथित अपमान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका सांसद पप्पू यादव का पुतला

 | 
भगवान श्रीराम के कथित अपमान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका सांसद पप्पू यादव का पुतला


बस्ती 31 जुलाई (हि.स.)। संसद परिसर में भगवान श्रीराम की प्रतिमा एवं भगवा वस्त्रों के कथित अपमान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। इसी क्रम में शनिवार को बस्ती के झंडा चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं तथा किसी भी प्रकार से उनकी गरिमा और सनातन संस्कृति का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों से देशवासियों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं।

विरोध प्रदर्शन में मनमोहन, काजू श्रीवास्तव, पूर्व सुमन सिंह, तारक जायसवाल, सतीश सोनकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने आक्रोश का प्रदर्शन किया और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / महेंद्र तिवारी