भाजपा कार्यकर्ताओं ने दरोगा पर अभद्रता का लगाया आरोप
हमीरपुर, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे बुधवार को राठ कोतवाली में तैनात एक उपनिरीक्षक पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने और सरकार की नीतियों के प्रति अनुचित टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। इसको लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी व्याप्त है और उन्होंने सम्बंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नगर उपाध्यक्ष राजदीप पंडित ने आरोप लगाया कि कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राजबहादुर पटेल बिना किसी कारण पार्टी कार्यकर्ताओं से अभद्र भाषा में बात करते हैं। उनका कहना है कि इस प्रकार का व्यवहार न केवल कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आहत कर रहा है, बल्कि सरकार और संगठन की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सम्बंधित उपनिरीक्षक के विरुद्ध शीघ्र विभागीय कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ता आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत प्राप्त होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

