home page

बूथ मजबूत होगा तभी संगठन की ताकत बढ़ेगी : रामकिशोर साहू

 | 
बूथ मजबूत होगा तभी संगठन की ताकत बढ़ेगी : रामकिशोर साहू


कानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। नए मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने का अभियान केवल कागजी औपचारिकता बनकर नहीं रहना चाहिए। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने की जिम्मेदारी निभाएं। संगठन की मजबूती बूथ स्तर पर होने वाले काम से तय होती है। यह बातें गुरुवार को कानपुर में भाजपा की क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली की बैठक में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने कहीं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा सीटों पर विशेष मतदाता जोड़ो अभियान की तैयारियां 20 नवंबर तक पूरी कर ली जाएं। 22 से 24 नवंबर तक चलने वाले अभियान में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। प्रत्येक पात्र नए मतदाता का नाम सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें।

बैठक में झारखंड के संगठन मंत्री पवन कुमार साय ने मॉनिटरिंग टोली के सदस्यों के साथ अभियान की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता का आकलन बूथ स्तर पर हुए काम से होगा। प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करे कि अभियान की गतिविधियां अंतिम बूथ तक पहुंचें। इसके लिए जिम्मेदारियां तय करने के साथ नियमित निगरानी भी जरूरी है।

पवन कुमार साय ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र 'बूथ जीता तो चुनाव जीता' केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की कार्यशैली का आधार है। बूथ मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी जिम्मेदारी से जुटना होगा। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं मुख्यालय प्रभारी पवन प्रताप सिंह, आदित्य त्रिवेदी, वीरेंद्र तिवारी, रीता कठेरिया, विधि राजपाल, आशा पाल, पंकज गुप्ता, संजय विश्वकर्मा, ऋषभ शुक्ला, पवन पांडेय और सचिन गौड़ समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप