home page

भाजपा ने सपा के 34 वर्ष के कुशासन का घड़ा फोड़कर’ जनता के सामने अपना संदेश रखा : पंकज चौधरी

 | 
भाजपा ने सपा के 34 वर्ष के कुशासन का घड़ा फोड़कर’ जनता के सामने अपना संदेश रखा : पंकज चौधरी


सुलतानपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को जनपद सुलतानपुर के अलीगंज बाजार में वडनगर (गुजरात) से पहुंची साबरमती सेवा संकल्प बाइक यात्रा के 65 यात्रियों का स्वागत कर उन्हें हरी झंडी दिखाकर वाराणसी के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक की यह यात्रा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने और देश को एक सूत्र में जोड़ने के संकल्प का प्रतीक है। यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा और समर्पण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने ‘समाजवादी पार्टी के 34 वर्ष के कुशासन का घड़ा फोड़कर’ जनता के सामने अपना संदेश रखा है। इन वर्षों में काम कम और कांड व कारनामे ज्यादा हुए हैं।

सुलतानपुर के अलीगंज में आयोजित चौपाल को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और पहचान बदली है। प्रदेश देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरा है। देश के कुल एक्सप्रेस-वे का करीब 40 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में है। विकास, कानून-व्यवस्था और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी के विकास का रथ अब कोई नहीं रोक सकता और 2027 में प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद केंद्र सरकार ने गांव-गांव और टोले-टोले तक बिजली पहुंचाने के साथ गरीब, पिछड़े और वंचित वर्गों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। पात्र लोगों को बिना भेदभाव आवास, आयुष्मान कार्ड, गैस कनेक्शन, मुफ्त राशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश में व्यापक परिवर्तन हुआ है और करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

पत्रकारों से बातचीत में पंकज चौधरी ने बताया कि 65 बाइक सवार यात्री 10 राज्यों से होते हुए करीब 1400 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर सुलतानपुर पहुंचे हैं। यात्रा के दौरान अब तक 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों में स्वच्छता अभियान चलाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, त्याग और समर्पण की यात्रा को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सेवा और संगठन के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होता, बल्कि 365 दिन बूथ स्तर पर जनता के बीच रहकर काम करता है। 2027 के विधानसभा चुनाव में केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्य, कानून-व्यवस्था तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने की। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया। संचालन कार्यक्रम संयोजक चंदन नारायण सिंह ने किया। जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि शहर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शाम पांच बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। वहीं, वडनगर से आई बाइक यात्रा लोहरामऊ स्थित देवी मां मंदिर परिसर में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों में शामिल होकर वाराणसी के लिए रवाना होगी।

कार्यक्रम में जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक विनोद सिंह, सीताराम वर्मा, डॉ. एमपी सिंह, रामचंद्र मिश्रा, डॉ. आरए वर्मा, अर्जुन सिंह, जगजीत सिंह छंगू, ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, योगेंद्र सिंह, मनीषा पांडेय, बबीता तिवारी, डॉ. डीएस मिश्र, शशिकांत पांडेय, कृपाशंकर मिश्रा, विकास शुक्ल, अयोध्या प्रसाद वर्मा, संदीप सिंह, विजय त्रिपाठी, प्रदीप शुक्ल, राजेश दुबे निर्माण, गौरव मौर्य, सुधांशु सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला कार्यकर्ता एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त