भाजपा प्रशिक्षण महा अभियान वर्ग का समापन, संगठन मजबूती और बूथ प्रबंधन पर जोर
कानपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के प्रशिक्षण महा अभियान वर्ग के समापन पर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक ढांचे, डिजिटल भूमिका और जनसंपर्क के गुर सिखाए गए।
रायपुरवा मंडल में समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए संगठन की कार्यपद्धति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अनुशासन और सक्रियता के साथ काम करने का आह्वान किया गया। यह बातें रविवार को जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कही।
भारतीय जनता पार्टी के रायपुरवा व जनरल गंज मंडल में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान वर्ग का समापन चार सत्रों के साथ हुआ। कार्यक्रम में संगठनात्मक मजबूती, बूथ प्रबंधन एवं सोशल मीडिया की भूमिका पर चर्चा की गई।
जनरल गंज मंडल में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने भाजपा के इतिहास, विकास और विचारधारा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी एक लोकतांत्रिक संगठन है, जहां सभी पदों पर चयन चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से होता है और कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ काम करते हैं।
चतुर्थ सत्र में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बूथ प्रबंधन, मन की बात कार्यक्रम और टिफिन बैठक जैसे विषयों पर जानकारी दी। सोशल मीडिया के क्षेत्रीय सह संयोजक हर्ष द्विवेदी ने नमो एप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बताते हुए कार्यकर्ताओं से ऑनलाइन सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
समापन सत्र में महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विजया तिवारी ने प्रशिक्षण वर्ग को कार्यकर्ताओं की वैचारिक मजबूती का माध्यम बताते हुए संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष योगेश पांडे ने की, जबकि संचालन मंडल महामंत्री आशीष तिवारी ने किया। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि 14 में से 12 मंडलों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष मंडलों में कार्यक्रम प्रारंभ हो गया है। इस अवसर पर कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

