प्रशिक्षण महाभियान से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता निखार रही भाजपा
वैचारिक रूप से समृद्ध कार्यकर्ता ही संगठन को ऊंचाइयों तक ले जाता है: पंकज चौधरी
लखनऊ, 25 अप्रैल (हि.स.)। ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता व सेवा भाव विकसित कर रही है। पार्टी ने बूथस्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर मण्डल, जिला, क्षेत्र व प्रदेशस्तर के पदाधिकारियों के प्रशिक्षण वर्ग लगाने की योजना बनाई है। बूथ व मण्डल स्तर के प्रशिक्षण वर्ग सम्पन्न हो चुके हैं। अब जिलास्तर पर भाजपा प्रशिक्षण वर्ग लगायेगी। इसके संबंध में शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सम्पन्न हुई। बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह एवं प्रशिक्षण महाभियान के जोनल सह संयोजक राजू भंडारी ने उपस्थित पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक शक्ति को और अधिक सुदृढ़ बनाने का एक महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण ही वह धुरी है, जो कार्यकर्ता को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करती है। एक सशक्त, जागरूक और वैचारिक रूप से समृद्ध कार्यकर्ता ही संगठन को ऊंचाइयों तक ले जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को न केवल संगठनात्मक कार्यशैली का ज्ञान मिलता है, बल्कि उनमें राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और सेवा भाव भी विकसित होता है।
चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्गों का सफल आयोजन संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रमाण है। अब आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों को भी उसी ऊर्जा और गुणवत्ता के साथ सम्पन्न करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण महाभियान से प्रत्येक कार्यकर्ता को जोड़ने का प्रयास करें, जिससे संगठन की जड़ों को और अधिक मजबूती मिले।
नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026’ का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जिम्मेदारियों के प्रति सजग और सक्षम बनाना है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केवल ज्ञानार्जन का माध्यम नहीं, बल्कि यह कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का सशक्त मंच है। मंडल स्तर पर आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि कार्यकर्ता सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकजुटता और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं में निहित होती है, इसलिए सभी दायित्वधारी समन्वय और अनुशासन के साथ कार्य करें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण को आत्मसात करते हुए संगठन के विस्तार और समाज सेवा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी, क्षेत्रीय प्रशिक्षण टोली, जिला संयोजक, सह संयोजक प्रशिक्षण महाभियान, जिला प्रदर्शनी प्रमुख एवं जिला आईटी एवं सोशल मीडिया का कार्य देखने वाले कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

