डिजिटल लर्निंग महाअभियान के तहत कार्यकर्ताओं काे तकनीकी रुप से बनाया जाएगा दक्ष : अनिल दीक्षित
कानपुर, 27 जून (हि.स.)। डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम के माध्यम से कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम और संगठनात्मक रूप से मजबूत बनाया जाएगा। 23 जून से छह जुलाई तक चलने वाले इस अभियान में बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। यह बातें शनिवार को भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने जिला कार्यालय में आयोजित डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की जिला कार्यशाला में कहीं।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यशाला में संगठन के प्रशिक्षण अभियान को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की शुरुआत की गई थी, जिसे अब 23 जून से 6 जुलाई तक अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर पर प्रशिक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ सोशल मीडिया और आईटी विभाग के पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला, मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ समितियों, मोर्चों, प्रकोष्ठों तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं की भागीदारी इस प्रशिक्षण में सुनिश्चित की जाएगी।
अनिल दीक्षित ने बताया कि ऑनलाइन प्रशिक्षण 12 वैकल्पिक भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इसमें भाजपा का परिचय, मोदी सरकार की प्रमुख लाभार्थी योजनाएं, नमो ऐप तथा पार्टी के प्रमुख संगठनात्मक कार्यक्रमों से जुड़े चार विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ता मोबाइल के माध्यम से अध्ययन सामग्री पढ़ेंगे, वीडियो और ऑडियो सामग्री का अध्ययन करेंगे तथा प्रश्नोत्तरी में भाग लेंगे। कोर्स पूरा करने वाले प्रतिभागियों को क्रेडिट बैज और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि अभियान के लिए जिला उपाध्यक्ष डॉ. जन्मेजय सिंह को संयोजक तथा पारस मदान एवं जीतू कश्यप को सहसंयोजक बनाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

