home page

कानपुर में नौ दिन चलेगा भाजपा का रक्षाबंधन समारोह, महिलाओं से राखी बंधवाएंगे नेता- बॉलीवुड अभिनेत्रियां भी आएंगी : अजय कपूर

 | 
कानपुर में नौ दिन चलेगा भाजपा का रक्षाबंधन समारोह, महिलाओं से राखी बंधवाएंगे नेता- बॉलीवुड अभिनेत्रियां भी आएंगी : अजय कपूर


कानपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर बहन फाउंडेशन इस बार कानपुर में नौ दिन तक बड़े स्तर पर समारोह आयोजित करेगा। 25 अगस्त से शुरू होने वाले इन कार्यक्रमों में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों की हजारों महिलाओं से भाजपा नेता राखी बंधवाएंगे और उन्हें उपहार देकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देंगे। समारोह में अलग-अलग दिनों में बॉलीवुड की अभिनेत्रियां भी शामिल होंगी। यह जानकारी रविवार को भाजपा नेता और पूर्व विधायक अजय कपूर ने दी।

अजय कपूर ने बताया कि बहन फाउंडेशन पिछले 25 वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के साथ कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। इस वर्ष संस्था के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं, इसलिए समारोह को पहले की अपेक्षा बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की गई है। 25 अगस्त से लगातार नौ दिनों तक शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रम होंगे।

इन समारोहों में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रहेगी। भाजपा नेता और पदाधिकारी महिलाओं से राखी बंधवाएंगे और उन्हें उपहार देकर त्योहार की शुभकामनाएं देंगे। आयोजन के जरिए महिलाओं से सीधे संवाद और जनसंपर्क को बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।

कार्यक्रमों में बॉलीवुड की चर्चित पुरानी अभिनेत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है। अलग-अलग दिनों में मंदाकिनी और मीनाक्षी शेषाद्रि समेत कई अभिनेत्रियों के शामिल होने की तैयारी है। उनके आने से समारोह में सांस्कृतिक और मनोरंजन का पक्ष भी जुड़ जाएगा।

अजय कपूर के संयोजन में होने वाले इन कार्यक्रमों को विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के बीच संपर्क बढ़ाने की भाजपा की कवायद के तौर पर भी देखा जा रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचने की तैयारी है।

आयोजकों के मुताबिक, नौ दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर होने वाले समारोहों में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। रक्षाबंधन के भावनात्मक जुड़ाव को आधार बनाकर महिलाओं के साथ संवाद और संपर्क को व्यापक बनाने की योजना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप