home page

राष्ट्रहित की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की ताकत से आगे बढ़ी भाजपा : रमेश सिंह

 | 
राष्ट्रहित की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की ताकत से आगे बढ़ी भाजपा : रमेश सिंह


राष्ट्रहित की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की ताकत से आगे बढ़ी भाजपा : रमेश सिंह


सुलतानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर मे भाजपा के काशी क्षेत्र प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ का कार्यकर्ता है। कार्यकर्ता पार्टी का चेहरा होता है। आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ को मजबूत करने और कमल की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटे। उन्होंने कहा कि 2027 में सुलतानपुर की पांचों विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है।

जिले के पयागीपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठक आयोजित किया गया। सिंह ने कहा कि ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के मंत्र को धरातल पर उतारना मिशन-2027 की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ समितियों को सक्रिय करते हुए मतदाताओं व लाभार्थियों से निरंतर संपर्क बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों के संघर्ष, सिद्धांत और त्याग से कार्यकर्ताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। भाजपा विचारधारा आधारित संगठन है और राष्ट्रहित और राष्ट्रवाद को सर्वोपरि रखकर कार्य करती है।जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने प्रदेश उपाध्यक्ष का परिचय व संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

जिला प्रभारी बृजभूषण सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संदेश दिया।संचालन जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी ने किया। भाजपा जिला मीडिया प्रमुख विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष मंगलवार को सुबह 10 बजे लोहरामऊ मंडल के उतरी गांव स्थित बूथ संख्या 383 की समिति के साथ सीधा संवाद कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

बैठक में पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ एमपी सिंह, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, विधायक राजप्रसाद उपाध्याय, राजेश गौतम व सीताराम वर्मा, पूर्व विधायक देवमणि द्विवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा,करुणा शंकर द्विवेदी, डॉ सीताशरण त्रिपाठी, क्षेत्रीय मंत्री देवेन्द्र मौर्य,ओम प्रकाश पाण्डे बजरंगी, प्रवीन कुमार अग्रवाल, घनश्याम चौहान, शशिकांत पांडे, अयोध्या प्रसाद वर्मा, विजय सिंह रघुवंशी, संदीप सिंह सहित जिला पदाधिकारी मोर्चा-प्रकोष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त