home page

10 अप्रैल को कानपुर आएंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, बैठक में पदाधिकारियों काे दी गईं जिम्मेदारियां

 | 
10 अप्रैल को कानपुर आएंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, बैठक में पदाधिकारियों काे दी गईं जिम्मेदारियां


कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 10 अप्रैल को प्रस्तावित कानपुर दौरे को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उनके स्वागत और कार्यक्रम को भव्य व सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई है। जाजमऊ पुल पर स्वागत से लेकर क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक तक की रूपरेखा तय कर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और सक्रियता से करने के निर्देश दिए गए हैं। यह बातें मंगलवार को क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बैठक में कहीं।

भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय मुख्यालय पर आयोजित बैठक में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और अन्य जिम्मेदार कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया।

इस दौरान जाजमऊ पुल पर भव्य स्वागत की तैयारी, क्षेत्रीय कार्यालय में प्रस्तावित बैठक, मीडिया समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि किसी प्रकार की कमी न रह जाए।

मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि पंकज चौधरी 10 अप्रैल को दोपहर एक बजे जाजमऊ पुल पहुंचेंगे, जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद वे क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल प्रवासियों की बैठक को संबोधित करेंगे।

बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप