डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत : पंकज चौधरी
रायबरेली, 13 अप्रैल(हि.स.)।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने की जरूरत है, जिससे एक बेहतर समाज की स्थापना हो सके।
मानवता,समानता और राष्ट्र निर्माण के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन दे दिया। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।
प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को रायबरेली के कन्नवा में आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।उन्होंने समाज में समानता, न्याय एवं शिक्षा के बाबा साहेब के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके पूर्व उन्होंने संविधान निर्माता एवं भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक व प्रेरणा स्थल का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया।कार्यक्रम स्थल पर ही पौधरोपण कर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह , रायबरेली सदर से विधायक अदिति सिंह , ऊंचाहार से विधायक मनोज पांडे , बछरावां से पूर्व विधायक श्रामलाल अकेला , पार्टी के पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे

