home page

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों ने भरी विधानसभा चुनाव की हुंकार

 | 
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों ने भरी विधानसभा चुनाव की हुंकार


भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों ने भरी विधानसभा चुनाव की हुंकार


लखनऊ, 26 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर शुक्रवार को पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। पहली बैठक में ही भाजपा के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विधान सभा चुनाव 2027 जीतने की हुंकार भरी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को संगठन की सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ऊर्जा और समर्पण से कार्य करना होगा। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने व्यवहार, आचरण और कार्यशैली में पार्टी के सिद्धांतों एवं मूल्यों को आत्मसात करते हुए जनता के बीच विश्वास और संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है और प्रत्येक कार्यकर्ता इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करते समय उन्होंने जो बात कही थी, आज उसे पुनः दोहराना चाहते हैं कि उनकी राजनीति का केंद्र कार्यकर्ता है और वे चाहते हैं कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी इस कार्यकर्ता-आधारित राजनीति का अभिन्न अंग बने।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा अध्यक्षों एवं क्षेत्रीय अध्यक्षों की यह परिचयात्मक बैठक केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव की विजय यात्रा का शुभारंभ है। उन्होंने कहा कि आने वाला विधानसभा चुनाव केवल एक राजनीतिक चुनाव नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के विकास, सुशासन और जनविश्वास को आगे बढ़ाने का संकल्प है। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान ने किया।

बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में संगठन केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्षों से अधिक की विकास यात्रा, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं जनहितकारी कार्यों को व्यापक रूप से जनता के बीच लेकर जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता इस लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन