तुष्टिकरण की राजनीति में सपा से आगे निकली कांग्रेस ने इमरान मसूद को दी नई जिम्मेदारी : राकेश त्रिपाठी
लखनऊ, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम वोट बैंक के लिए तुष्टीकरण की राजनीति में कांग्रेस अब समाजवादी पार्टी (सपा) से भी आगे निकल गई है।
राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सपा से एक कदम आगे बढ़कर निकलते हुए कांग्रेस ने मुस्लिम वोटों को पाने के लिए इमरान मसूद को नई जिम्मेदारी दी है। ऐसा सपा के खिलाफ बोलने का इनाम इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस फैसले से सपा-कांग्रेस गठबंधन के सामने नई चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इमरान मसूद को प्रदेश संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस की ओर से अधिक सीटों की मांग किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इससे गठबंधन में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर दबाव बढ़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने शुक्रवार को रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा चौधरी वीरेंद्र सिंह को कांग्रेस विधानमंडल दल का नेता बनाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

