home page

स्मार्ट स्कूल के शिलान्यास को लेकर भाजपा-सपा आमने-सामने, परमट विद्यालय में घंटों चला हंगामा

 | 
स्मार्ट स्कूल के शिलान्यास को लेकर भाजपा-सपा आमने-सामने, परमट विद्यालय में घंटों चला हंगामा


कानपुर, 13 मई (हि.स.)। ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्मार्ट स्कूल परियोजना के शिलान्यास को लेकर बुधवार को भाजपा और समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। शिलापट्ट लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद नारेबाजी, धक्का-मुक्की और आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

मामला परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय के पुनर्निर्माण और उसे स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किए जाने से जुड़ा है। भाजपा नेता सुरेश अवस्थी की ओर से चौदह मई को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी के शिलान्यास कार्यक्रम के बैनर लगाए गए थे। इसके बाद आर्यनगर से सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी की ओर से पंद्रह मई को शिलान्यास कार्यक्रम के पोस्टर लगाए गए।

आज विधायक अमिताभ बाजपेई विद्यालय परिसर पहुंचे और मजदूरों के साथ शिलापट्ट लगाने का कार्य शुरू कराया। इसी दौरान भाजपा नेता सुरेश अवस्थी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध जताया। भाजपा नेताओं का कहना था कि पहले से सांसद के कार्यक्रम की तारीख तय है और उसी क्रम में शिलान्यास होना चाहिए।

देखते ही देखते दोनों दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता विद्यालय परिसर में जुट गए और जोरदार नारेबाजी शुरू हो गई। माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। मौके पर सपा विधायक हसन रूमी और सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी भी मौजूद रहीं।

सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने आरोप लगाया कि वह पिछले दो वर्षों से विद्यालय को स्मार्ट स्कूल बनाने के प्रयास में लगे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा में पहले भी कई प्राथमिक विद्यालयों को स्मार्ट स्कूल बनाया जा चुका है। अमिताभ बाजपेयी ने आरोप लगाया कि विद्यालय के पुनर्निर्माण कार्य में पहले भी रुकावट डाली गई थी और आज भी मजदूरों को रोकने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि यह बच्चों की शिक्षा और क्षेत्र के विकास से जुड़ा मामला है, इसे राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

वहीं भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने कहा कि सांसद के कार्यक्रम की तारीख पहले से तय थी और उसी मर्यादा के अनुसार कार्यक्रम होना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि तय कार्यक्रम से पहले शिलान्यास का प्रयास कर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की गई।

डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय परिसर में दो राजनीतिक दलाें के बीच विवाद और नारेबाजी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कराया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

घटना के बाद विद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में देर तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप