जौनपुर के डॉ. रोहित उपाध्याय बने भाजपा काशी क्षेत्र के सोशल मीडिया चुनाव प्रभारी, 16 जिलों की संभालेंगे जिम्मेदारी
जौनपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत सोशल मीडिया पर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी अभियानों को धार देने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में केंद्रीय नेतृत्व ने जौनपुर के डॉ. रोहित उपाध्याय को काशी क्षेत्र का राष्ट्रीय सोशल मीडिया चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।
पत्रकारों को बातचीत में डॉ. उपाध्याय ने सोमवार बताया कि उन्हें काशी क्षेत्र के 16 जिलों में सोशल मीडिया से जुड़े संगठनात्मक कार्यों, डिजिटल रणनीति और चुनावी अभियानों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि इस दायित्व के तहत वाराणसी महानगर, वाराणसी जिला, गाजीपुर, प्रतापगढ़, भदोही, जौनपुर, मछलीशहर, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रयागराज महानगर, प्रयागराज यमुनापार, प्रयागराज गंगापार, चंदौली, कौशांबी, मिर्जापुर और सोनभद्र में पार्टी की सोशल मीडिया गतिविधियों का समन्वय करेंगे।
डॉ. उपाध्याय ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के डिजिटल अभियान को अधिक प्रभावी और संगठित बनाने के साथ संगठन की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उनकी जिम्मेदारी जमीनी स्तर पर होने वाले संगठनात्मक कार्यों और डिजिटल अभियान के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की भी होगी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी केंद्रीय नेतृत्व की ओर से उन्हें विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव के दौरान संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान की बात है। वह पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रवीन्द्र कुमार मिश्र

