पंकज चौधरी व धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में प्रदेश कार्यालय में भाजपा की बैठक
लखनऊ, 21 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय पर कानपुर क्षेत्र की जिला समितियों के गठन को लेकर बैठक जारी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ चल रही बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला पर्यवेक्षक, जिला प्रभारी व जिलाध्यक्ष शामिल हैं। इस बैठक में जिला कमेटियों के नामों पर मंथन होगा। कानपुर के बाद काशी क्षेत्र की बैठक प्रस्तावित है। वहीं रविवार को अवध क्षेत्र व गोरक्ष क्षेत्र की बैठक होगी। उम्मीद है कि अब जल्द ही कानपुर, काशी, अवध व गोरक्ष क्षेत्र में आने वाले जिलों की कमेटियों का ऐलान हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि पार्टी ने पूर्व में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को जिलास्तर पर आम सहमति बनाने के लिए पर्यवेक्षक भेजे थे। पर्यवेक्षकों ने जिलास्तर पर पार्टी के पुराने नेताओं व पूर्व जिलाध्यक्षों से संवाद कर निष्ठावान कार्यकर्ताओं की सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंपी थी। भाजपा के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि जिला कमेटियों के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अब जल्द ही इसकी घोषणा होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

