home page

भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, कश्मीर और राष्ट्रवाद पर हुई चर्चा

 | 
भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, कश्मीर और राष्ट्रवाद पर हुई चर्चा


भाजपा ने मनाया डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस, कश्मीर और राष्ट्रवाद पर हुई चर्चा


जौनपुर, 25 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि को ‘बलिदान दिवस’ के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान और कश्मीर मुद्दे पर उनके संघर्ष को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।संगोष्ठी को संबोधित करते हुए अशोक चौरसिया ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने “एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उद्घोष करते हुए कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए संघर्ष किया और अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार किया गया।

जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन और बलिदान प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि बलिदान दिवस से लेकर 06 जुलाई को डॉ. मुखर्जी की जयंती तक पार्टी द्वारा जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बूथ स्तर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से अशोक चौरसिया को क्षेत्रीय अध्यक्ष घोषित किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव