home page

दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों को दिया विजय का मंत्र

 | 
दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों को दिया विजय का मंत्र


कार्यकर्ताओं के परिश्रम से फिर बनेगी भाजपा सरकार: नितिन नवीनबूथ सशक्तीकरण, जनसंपर्क और संगठनात्मक विस्तार पर मंथनमथुरा में दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक का समापन

मथुरा, 17 नवम्बर (हि.स.)। भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश योजना बैठक के दूसरे दिन मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर संगठन को विजय का मंत्र दिया।

बैठक में प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में आगामी तीन महीनों की संगठनात्मक कार्ययोजना, जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तीकरण, सहयोगी दलों के साथ समन्वय तथा चुनावी तैयारियों पर व्यापक मंथन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मथुरा आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष ने परिसर में स्थापित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके उपरांत सभागार में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा। कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी सक्रियता, समर्पण और अथक परिश्रम के बल पर ही भाजपा लगातार जनविश्वास प्राप्त कर रही है। उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने, व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने विकास एवं सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि समर्पित कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश योजना बैठक के दूसरे दिन की शुरुआत राधे-राधे और कमल खिलाने के संकल्प के साथ हुई है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम सहित किसी भी विपक्षी दल के पास उत्तर प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण का कोई ठोस विकल्प नहीं है। भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला, गरीब, युवा और किसान इन चार प्रमुख वर्गों के सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। केंद्र और प्रदेश सरकार इन वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। भाजपा सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच पहुंचेगी।

दो दिवसीय बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के लिए क्षेत्रवार रणनीति पर चर्चा की गई। बूथ स्तर तक संगठन की पहुंच बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां निर्धारित करने, जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, हरिश द्विवेदी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश पदाधिकारी एवं संगठन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार