कांग्रेस—सपा सरकार के मुकाबले भाजपा सरकार में महिलाओं को अधिक सम्मान व अधिकार मिला : चारू चौधरी
देवरिया, 26 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा रविवार काे देवरिया शहर में जन आक्रोश रैली निकाली और नगर पालिका के नवनिर्मित सभागार में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने कहा कि माेदी व याेगी सरकार में महिलाओं काे अन्य सरकाराें से कई गुना अधिक सम्मान व अधिकार मिला है; कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने की।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए चारू चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र व राज्य सरकार में जो महिलाओं को सम्मान और अवसर प्राप्त हुए हैं, वह पहले किसी भी राजनीतिक दल के शासन में देखने को नहीं मिला। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष लगातार महिलाओं का अपमान कर रहा है। महिला विधेयक को सदन में गिराकर विपक्ष ने स्वयं को महिलाओं की नजर में गिरा लिया है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सशक्त हो रही हैं और आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी, तो ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की गई, जिससे समाज में बेटियों के प्रति सोच में सकारात्मक बदलाव आया। पहले जहां बेटियों को गर्भ में ही मार दिया जाता था, वहीं अब उनकी शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य सीमा देवी ने कहा कि विपक्ष में बैठे कुछ नेता महिलाओं को प्रतिशत के आधार पर बांटने का काम कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बिहार के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के बयान का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि क्या उनके घर की महिलाएं भी ऐसे ही सोच के तहत राजनीति में आई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अपमान करने वालों को इसका परिणाम अवश्य भुगतना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।
नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाओं की भागीदारी हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही आम महिलाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।
अलका सिंह ने कहा कि पहले परिवारों में बेटियों को बाहर निकलने में संकोच होता था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था इतनी सुदृढ़ हो गई है कि महिलाएं देर रात भी कार्य कर सुरक्षित अपने घर लौट सकती हैं। उन्होंने इस बदलाव के लिए सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया और गर्व व्यक्त किया कि देश और प्रदेश को मजबूत नेतृत्व मिला है। कार्यक्रम का संचालन महिला मोर्चा की अध्यक्ष भारतीय शर्मा द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उषा पासवान, श्वेता जायसवाल, निर्मला गौतम, विनती देवी, रंजना भारती, शकुंतला देवी, नीलम देवी, ममता, बबीता चौहान, पूनम, मंजू, आरती, प्रियंका वर्मा, यशोदा देवी, सरिता पासवान और इंद्रावती उपस्थित रही ।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

