नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं का होगा सशक्तिकरण : प्रकाश पाल
कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत आयोजित कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा देंगे। इन आयोजनों के माध्यम से प्रबुद्ध महिलाओं के साथ संवाद स्थापित कर सरकार की योजनाओं को व्यापक रूप से साझा किया जाएगा। यह पहल महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत बनाएगी।
यह बातें मंगलवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ अभियान के अंतर्गत 17 अप्रैल को टाउन हॉल में आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में महानगर की प्रबुद्ध महिलाओं, विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिला शक्ति और पार्टी से जुड़ी महिला कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर महानगर और झांसी महानगर को इस वृहद आयोजन के लिए प्रमुख केंद्र बनाया गया है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों पर चर्चा करना और समाज की जागरूक महिलाओं के साथ संवाद स्थापित करना है।
क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी दी कि कानपुर महानगर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक 17 अप्रैल को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालेंगे। वहीं झांसी महानगर में 18 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार कार्यक्रमों की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

