home page

शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा का सफाया हाेना तय : सांसद प्रकाश पाल

 | 
शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा का सफाया हाेना तय : सांसद प्रकाश पाल


बिधूना के राजकीय विद्यालय में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा

भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क तेज करने का किया आह्वान

औरैया, 17 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ईशा वाटिका एवं भारतीय विद्यालय में शिक्षक-स्नातक नगर एवं देहात मतदाता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रकाश पाल तथा विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने शिक्षकों, स्नातक मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सम्मेलन में आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया गया।

मुख्य अतिथि सांसद प्रकाश पाल ने शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी और स्नातक एमएलसी प्रत्याशी मानवेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में चुनावी तैयारियों, मतदाताओं से संपर्क और संगठन की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटने तथा शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं तक पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यों को पहुंचाने की अपील की।

अपने संबोधन में प्रकाश पाल ने समाजवादी पार्टी की राजनीति और उसके दृष्टिकोण की आलोचना करते हुए कहा कि इस चुनाव में सपा का सफाया तय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देने और मतदाताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि चुनाव में संगठन की सक्रियता, आपसी समन्वय और जनसंपर्क की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

सांसद प्रकाश पाल ने महापुरुषों के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सपा ने जहां महापुरुषों का अपमान किया, वहीं भाजपा उनका सम्मान करेगी। उन्होंने घोषणा की कि जिले के राजकीय विद्यालय, बिधूना में अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी।

विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक वर्ग समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच पहुंचकर उनकी अपेक्षाओं और समस्याओं को समझने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने का आह्वान किया। जिला प्रभारी दिनेश बाजपेई ने भाजपा की विचारधारा और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।

जिलाध्यक्ष डॉ. सर्वेश कठेरिया ने मतदाता संपर्क अभियान, चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित कराने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक गुड़िया कठेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता, सौरभ भूषण शर्मा, भूरे चौबे, लल्ला शर्मा, विशाल शुक्ला, श्यामू अवस्थी, कौशल राजपूत, कुलदीप दुबे, अमर चंद्र राठौर, योगेंद्र कैथवार, राधेश दिवाकर, सुनील मिश्रा, गीता चतुर्वेदी, प्रतीक सिंह, प्रतिमा अवस्थी, राहुल गुप्ता, आदित्य चतुर्वेदी, रामजी बाजपेई, मन्नू तोमर, कुअर सिंह वाथम, रामजी दुबे और गगन तिवारी सहित सैकड़ों शिक्षक, स्नातक मतदाता एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार