फुटपाथों एवं सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाया जाए : विजय बहादुर पाठक
लखनऊ, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधान परिषद में नियम-110 के अंतर्गत सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए प्रदेश के नगरों में फुटपाथों एवं सार्वजनिक मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण तथा अवैध कब्जों को हटाने की मांग की।
विजय बहादुर पाठक ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न नगरों, विशेषकर लखनऊ, गाजियाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ, कानपुर एवं अन्य शहरों में फुटपाथों, सार्वजनिक मार्गों तथा सड़कों पर निरंतर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए फुटपाथों पर अवैध पार्किंग, अस्थायी एवं स्थायी कब्जों तथा व्यावसायिक गतिविधियों के कारण आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं स्कूली बच्चों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोगों को सड़क पर चलने के लिए विवश होना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
श्री पाठक ने कहा कि प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर फुटपाथों एवं सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, अवैध कब्जों के विरुद्ध नियमित एवं स्थायी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित कर उनके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पुनः न हो, जिससे नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

