भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष 16 जनपदों के पदाधिकारियों संग बैठक करेंगी
-पहली बार वाराणसी आ रही प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा के जोरदार स्वागत की तैयारी
वाराणसी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)महिला मोर्चा की नव नियुक्त अध्यक्ष सरोज कुशवाहा मंगलवार को वाराणसी आएंगी। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में आ रही प्रदेश अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारी है। सोमवार को रोहनियां स्थित पार्टी के क्षेत्र कार्यालय में महिला मोर्चा काशी क्षेत्र अध्यक्ष नम्रता चौरसिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में नम्रता चौरसिया ने स्वागत की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से विचार विमर्श किया।
बैठक में उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा पूर्वांह 10 बजे रोहनियां स्थित क्षेत्र कार्यालय पर आएंगी। कार्यालय में ही मोर्चा की जिला व महानगर की कार्यकर्ता पुष्प वर्षा कर प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करेंगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष दिन में 12 बजे से क्षेत्रीय कार्यसमिति की बड़ी बैठक को संबोधित करेंगी। इस बैठक में काशी क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी सोलह जिलों के महिला मोर्चा की जिला कार्यसमिति की पदाधिकारी शामिल होंगी। बैठक का
संचालन महानगर अध्यक्ष कुसुम पटेल व धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष विनिता सिंह ने किया। बैठक में क्षेत्र महामंत्री अपराजिता सोनकर, पूजा दीक्षित, सुनीता सिंह, प्रियंका दुबे, डॉ गीता कुमारी सहित व्यवस्था टोली की प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रही।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

