home page

अपने लोगों को नौकरियों में एडजेस्ट कर घोटाला कर रही भाजपा : अखिलेश यादव

 | 
अपने लोगों को नौकरियों में एडजेस्ट कर घोटाला कर रही भाजपा : अखिलेश यादव


सैफई, 10 जुलाई (हि.स.)। भाजपा सरकार ने नौकरियों में घोटाला किया है। हाईकोर्ट में खुलासा हुआ कि कापियां तक बदल दी गयी। ये अपने लोगों को नौकरियों में एडजेस्ट करने के लिए घोटाला करते हैं। सैफई मेडिकल कालेज में एक ही कोचिंग के बच्चों को बड़े पैमाने पर नौकरी कैसे मिल गयी? सैफई के साथ लखनऊ के अन्य मेडिकल संस्थानों में भी यही हुआ है।

यह बातें समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कही। सपा अध्यक्ष बुधवार को निजी कार्यक्रमों में शिरकत करने सैफई पहुंचे थे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार नौकरियों में आरक्षण नहीं देना चाहती है। इसलिए भर्तियों में घपले और घोटाले करती है। ये पिछड़े, दलितों और पीडीए परिवार को साजिश के तहत नौकरियों से दूर रखने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। चीन और देश की सीमाओं को लेकर सरकार को सावधान रहना चाहिए था और जितने इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम करना चाहिए था, नहीं किया। फोर्स को पर्याप्त टेक्नोलॉजी और जानकारी मिलनी चाहिए थी। उसमें इंटेलिजेंस फेलियर है, इसके कारण हमारी आंतरिक और बार्डर की सुरक्षा खतरे में हैं। चीन के सवाल पर सरकार झूठ बोलती है। सुनने में आ रहा है कि काफी जमीन कब्जा हो गयी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता से हर मुद्दे पर झूठ बोला है। स्मार्ट सिटी बनाने के नाम पर भ्रष्टाचार हुआ। नगरों का बुरा हाल है। सड़कों में गड्ढे हैं। जलभराव है। गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। गाड़ियां नहीं चल पा रही हैं। लोगों की जान जा रही है। स्वास्थ्य सेवाएं बेकार हो गयी हैं। बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में नौजवान बेरोजगार घूम रहा है। उसे नौकरी की तलाश है। भाजपा सरकार पूरी तरह झूठ पर चल रही है। सरकार के लोग जमीनी हकीकत से दूर हैं। महंगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। इनके लोग खूब मुनाफा कमा रहे हैं और किसान को उसकी फसल की कीमत नहीं मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा / राजेश