home page

महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे बढ़ाने का काम भाजपा ने किया : सरोज कुशवाहा

 | 
महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में आगे बढ़ाने का काम भाजपा ने किया : सरोज कुशवाहा


कानपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। भाजपा ने महिलाओं को केवल सम्मान ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें लोकसभा और विधानसभा तक पहुंचाने का काम किया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू कर भाजपा ने ऐतिहासिक निर्णय लिया है। यह बातें रविवार को कानपुर में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उत्तर प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहीं।

सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिला आरक्षण को लेकर यदि किसी दल ने ठोस पहल की है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित कर महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय भाजपा सरकार ने लिया, जबकि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने इसका विरोध किया।

उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां महिलाओं को पर्याप्त अवसर और सम्मान नहीं मिलता। उनका आरोप था कि सपा और कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद तक सीमित है, जबकि भाजपा में सामान्य परिवार की महिला कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और संगठनात्मक कार्य के आधार पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हासिल कर रही हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मातृत्व एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों के विस्तार तथा महिला सुरक्षा और रोजगार से जुड़ी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक बूथ तक संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका के लिए तैयार करने का कार्य करेगा। उनका कहना था कि हर बूथ पर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है।

प्रेस वार्ता का संचालन भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने किया। इस दौरान अनिता गुप्ता, रीता शास्त्री, विजया तिवारी सहित महिला मोर्चा एवं संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप