home page

अवैध कब्जों के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने पुलिस आयुक्त को सौंपा मांग पत्र

 | 
अवैध कब्जों के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने पुलिस आयुक्त को सौंपा मांग पत्र


कानपुर, 04 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच पार्षदों ने बुधवार को जमीन कब्जाने और अवैध चट्टा संचालन को लेकर पुलिस आयुक्त से औपचारिक शिकायत की है। पार्षदों का आरोप है कि ग्वालटोली इलाके में, पुलिस आयुक्त आवास के पीछे बड़ी मात्रा में बीआईसी की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। इस मामले में पार्षदों ने मांग पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

कानपुर में भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा पार्षद पवन गुप्ता, विकास जायसवाल, लक्ष्मी कोरी, आलोक पांडेय और हरि स्वरूप तिवारी पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे। पार्षदों ने आयुक्त को मांग पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया कि ग्वालटोली क्षेत्र में पुलिस कमिश्नर आवास के पीछे बीआईसी की बहुमूल्य जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है और वहां अवैध रूप से चट्टा भी संचालित है।

पार्षदों का कहना है कि जब प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दे रहे हैं और कानपुर पुलिस भी कई मामलों में कार्रवाई कर चुकी है, तो फिर पुलिस आवास के पीछे की जमीन पर कब्जा कैसे नजरअंदाज हो गया? उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच कराकर आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। अवैध कब्जा हटाया जाए।

पार्षद विकास जायसवाल ने कहा कि कानपुर पुलिस लगातार भू-माफियाओं पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस जमीन पर कब्जा अब तक क्यों नहीं हटा? हमने पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन देकर मांग की है कि तुरंत मुकदमा दर्ज हो और अवैध चट्टा संचालन बंद कराया जाए।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप