भाजपा ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का किया काम : प्रकाश पाल
कानपुर, 12 जून (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। समाज की सक्रिय भागीदारी के बिना प्रकृति संरक्षण का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। यह बातें शुक्रवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर की जिला कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।
नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में आयोजित मासिक जिला कार्यसमिति बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह अवधि सेवा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण के नए आयाम स्थापित करने वाली रही है।
प्रकाश पाल ने पांच जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चल रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस पहल ने देशभर में पर्यावरण के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष बड़े पैमाने पर हुए पौधरोपण ने इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि 16 जून को मर्चेंट चैंबर हॉल में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक में जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, अवधेश सोनकर, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, नवाब सिंह, सीमा एमबीए, सत्यम गुप्ता, रोहित साहू, धीरज वाल्मीकि, सुरेंद्र गुप्ता, विनोद पाल, किरण तिवारी, मोनेन्द्र राजपूत, शालिनी कटियार, रीता पासवान, प्रशांत त्रिपाठी, सरदार रमिंदर सिंह, जीतू कश्यप, प्रभाकर अवस्थी, राधा सैनी, पूनम कंवर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ता और वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

