home page

भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता बन सकता है प्रदेश अध्यक्ष व सीएम : ब्रजेश पाठक

 | 
भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता बन सकता है प्रदेश अध्यक्ष व सीएम : ब्रजेश पाठक


बागपत, 21 जनवरी (हि.स.)। बागपत जनपद में अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा है कि भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता ऊंचे पदों पर पहुंच सकता है। इसके लिए कार्यकर्ता को मेहनत से काम करना होगा, यह पार्टी कार्यकर्ताओं से ही बनी है।

बागपत भाजपा कार्यालय पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एक कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष का पद दिए जाने को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश बढ़ाया और कहा कि भाजपा किसी परिवार की पार्टी नहीं है। यहां कोई भी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष या किसी भी ऊंचे पद पर पहुंच सकता है। हर कार्यकर्ता को कड़ी मेहनत करनी होगी।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बागपत के भ्रमण कार्यक्रम पर थे। इस दौरान उन्होंने सुबह 9:30 बजे बागपत सीएचसी का निरीक्षण किया। जरूरतमंदों को वहां पर कंबल वितरण किए गए। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर विभाग राजपूत के कार्यों की सराहना करते हुए सीएचसी को और सुंदर बनाने का सुझाव दिया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कहा। इसके बाद उनका काफिला बस अड्डे पर पहुंचा। यहां बागपत में नवनिर्मित बस अड्डे का उनके द्वारा उद्घाटन किया गया। खराब इंटरलॉकिंग को लेकर उन्होंने नाराजगी जताई और उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सिसाना गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया जहां पर छात्राओं ने उनका स्वागत किया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा कक्षाओं का निरीक्षण किया गया और बच्चों से सवाल जवाब किए गए। उनके सवाल का सही उत्तर देने पर एक छात्रा को उनके द्वारा अपना पैन भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों का मनोबल बढ़ गया और तालियां बजाकर उपमुख्यमंत्री से अपनी खुशी का इजहार किया। उप मुख्यमंत्री ने यहां गौशाला का निरीक्षण किया। गोवंशों के रहने की व्यवस्था देखी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने बागपत कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और फीडबैक लिया। शाम 3:30 तक उनका काफिला बागपत में मौजूद था। इस दौरान उनके साथ जनपद स्तरीय अधिकारी पार्टी कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी