home page

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा आयोजित करेगी विभिन्न कार्यक्रम

 | 
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा आयोजित करेगी विभिन्न कार्यक्रम


झांसी, 27 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी झांसी जिला की जिला स्तरीय कार्यशाला बुधवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा वंदेमातरम के सामूहिक गान के साथ हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की।

कार्यशाला में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण के रहे हैं। केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, शोषित और वंचित वर्ग के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनकी जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंप दी गई है। जिला उपाध्यक्ष चंचल कंथरिया ने 31 मई को होने वाले प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री एवं झांसी जिला प्रभारी संत विलास शिवहरे ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के निर्देशानुसार 5 जून से कार्यक्रमों की शुरुआत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से होगी। इसके तहत मंडल स्तर तक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 13 और 14 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक ब्लॉकवार जनकल्याण शिविर तथा 16 से 17 जून के बीच विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया