home page

बिठूर महोत्सव : तीन दिन तक संस्कृति, शौर्य और कला का संगम, यूफोरिया बैंड बिखेरेगा गायकी का जादू

 | 
बिठूर महोत्सव : तीन दिन तक संस्कृति, शौर्य और कला का संगम, यूफोरिया बैंड बिखेरेगा गायकी का जादू


-योगी सरकार के 'सनातन और संस्कृति' मिशन का सजेगा भव्य मंच-गुरुवार से शुरू होगा तीन दिवसीय उत्सव, पलाश सेन की धुन पर झूमेगा कानपुर

कानपुर, 25 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'विरासत भी, विकास भी के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए कानपुर का ऐतिहासिक बिठूर क्षेत्र पूरी तरह तैयार है। 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय 'बिठूर महोत्सव' का केंद्र इस बार सनातन एवं संस्कृति का उत्सव थीम को बनाया गया है। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय गुरुवार को इस भव्य समारोह का उद्घाटन करेंगे।

आध्यात्मिक शुरुआत और आधुनिक तकनीक का संगम

महोत्सव का आगाज शंखनाद, मंत्रोच्चारण और बिठूर के विशेष 'थीम गीत' के साथ होगा। योगी सरकार की मंशा के अनुरूप इस बार उत्सव में केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि रक्षा और तकनीक का संगम भी दिखेगा। रक्षा मंत्रालय के ग्लाइडर्स इंडिया और ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री की प्रदर्शनी के साथ-साथ आईआईटी कानपुर के एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) स्टॉल्स युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

पलाश सेन और यूफोरिया का दिखेगा जादू

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में पहले दिन (26 फरवरी) मशहूर गायक पलाश सेन और उनका 'यूफोरिया' बैंड अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे। वहीं, अगले दो दिनों में 'द बैटल ऑफ बैंड्स', कानपुर गॉट टैलेंट और श्रीराम कला केंद्र की 'कर्ण' आधारित नाट्य प्रस्तुति होगी।

ब्रज की होली और गंगा आरती से होगा समापन

महोत्सव के अंतिम दिन (28 फरवरी) उत्तर मध्य सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के कलाकार ब्रज की होली, चारकुला नृत्य और पंजाबी गटका का प्रदर्शन करेंगे। उत्सव का भव्य समापन पत्थर घाट पर काशी के रस वाद्यवृंद की जुगलबंदी और दिव्य गंगा आरती के साथ होगा।

आम जनता के लिए खास सुविधाएं

परिवहन : श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए कानपुर नगर से बिठूर तक सुबह 10 से रात 10 बजे तक विशेष रोडवेज बसें संचालित की जाएंगी।

सुरक्षा : डीसीपी ट्रैफिक और प्रशासन ने भारी भीड़ को देखते हुए पुख्ता यातायात और सुरक्षा प्रबंधन लागू किया है।

प्रदर्शनी : उद्यान विभाग का फ्लावर शो और स्थानीय कलाकारों की कलाकृतियां पूरे तीन दिन दर्शकों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को कहा कि बिठूर तीन दिन तक उत्सव के रंग में रंगा रहेगा। सभी लोगों से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में आएं और प्रशासन का सहयोग करते हुए शांति और स्वच्छता के साथ इस सांस्कृतिक महाकुंभ का आनंद उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप