नए नियम में फंसे जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र चक्कर लगा रहे लोग
मुरादाबाद, 13 नवम्बर (हि.स.)। नए नियम के चक्कर में जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र फँस गए हैं। एक अक्टूबर से किए गए बदलाव के बाद पोर्टल बंद चल रहा है। इसकी शिकायत लेकर रोजाना 20 से 25 लोग एसडीएम कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन जन्म प्रमाणपत्र जारी नहीं हो रहे हैं।
जन्म और मृत्यु का पंजीकरण कराने में देरी करने वालों के लिए अब प्रक्रिया बदल गई है। दो साल से अधिक समय बीतने के बाद जन्म या मृत्यु का पंजीकरण कराने के लिए संबंधित क्षेत्र के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट से आदेश लेना अनिवार्य होगा। इसके चाद ही निर्धारित शुल्क जमा कर प्रमागपत्र जारी किया जा सकेगा। शासन के संशोधित कानून के अनुपालन में मुरादाबाद न्यायालय ने इस संबंध में नई व्यवस्था लागू कर दी है। एक साल से अधिक समय के बाद जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र एसडीएम की अनुमति से जारी किए जाएंगे। जबकि एक साल से कम समय पर स्थानीय निकाय स्तर पर जारी किए जाएंगे।
एसडीएम सदर अभय सिंह ने बताया कि एक अक्टूबर से जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के नियमों में बदलाव किया गया है। इससे कुछ दिक्कत आ रही है। कार्यालय में रोजाना 20 से 25 लोग जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र की शिकायत लेकर पहुंचते हैं। जिले की दूसरे तहसीलों में इस तरह के मामले पहुंच रहे है। यह समस्या हर जिले में बनी हुई है।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

