क्रासिंग पार करते समय ट्रेन की चपेट में आई बाइक, दाेनाें युवक सुरक्षित
अमेठी, 09 मार्च (हि.स.)।मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के इसौली मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। क्रॉसिंग बंद होने के बावजूद दो युवक कुछ दूरी पर बाइक लेकर रेलवे ट्रैक पार करने लगे। इसी दौरान सुलतानपुर से लखनऊ की ओर जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक पर आ गई। ट्रेन को नजदीक देख दोनों युवक घबराकर बाइक छोड़कर भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन बाइक ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद बाइक ट्रेन में फंसकर करीब सौ मीटर तक घिसटती चली गई।
मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन के पास पोल संख्या 947/1 के निकट क्षतिग्रस्त बाइक ट्रेन से अलग होकर ट्रैक किनारे गिर गई। घटना शाम की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हादसा इसौली क्रॉसिंग और मुसाफिरखाना रेलवे स्टेशन के बीच दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए प्लेटफॉर्म के पास हुआ। टक्कर के बाद बाइक ट्रेन में फंसने से स्थिति गंभीर हो गई, जिस पर बेगमपुरा एक्सप्रेस सुपरफास्ट के लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक मौके पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
मुसाफिरखाना कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

