home page

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दिखाई हरी झंडी, 65 बाइक राइडर्स कालिंजर के लिए रवाना

 | 
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने दिखाई हरी झंडी, 65 बाइक राइडर्स कालिंजर के लिए रवाना


लखनऊ, 02 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को 'द राइडिंग चैप्टर्स : विजिट माय स्टेट' के प्रथम संस्करण का शुभारंभ करते हुए 65 बाइक राइडर्स के दल को लखनऊ के 1090 चौराहे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कम चर्चित विरासत, प्राकृतिक स्थलों और धरोहरों को नए पर्यटन अनुभव के रूप में देश-दुनिया के यात्रियों के सामने प्रस्तुत करना है।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से 65 सदस्यीय बाइक राइडर्स के दल को कालिंजर किले की रोमांचक यात्रा के लिए रवाना किया गया है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि लखनऊ से कालिंजर तक की इस यात्रा को सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाने के लिए पर्यटन विभाग के साथ-साथ मार्ग में पड़ने वाले सभी संबंधित जिलों के जिलाधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। मंत्री ने ये भी कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्यटन विकास को जनभागीदारी से जोड़ना है। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत, एडवेंचर टूरिज्म और अल्पज्ञात स्थलों से जोड़कर उन्हें पर्यटन का सक्रिय दूत बनाना है।'

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि 'पर्यटन विभाग राज्य के चर्चित स्थलों के साथ अपेक्षाकृत कम लोकप्रिय स्थलों को उभारने पर भी ध्यान दे रहा है। बांदा जनपद स्थित कालिंजर का किला ऐसा ही स्थल है, जिसे पर्यटन परिदृश्य में लाने की आवश्यकता है। उत्साह से भरपूर 65 सदस्यीय बाइक सवारों का दल ऐसे स्थलों को प्रमोट करेंगे। उन्होंने कहा कि 'द राइडिंग चैप्टर्स' इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो यात्रियों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत, ग्रामीण परिवेश और छिपी हुई पर्यटन संपदाओं से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के प्राकृतिक परिवेश और मानसून के मौसम को ध्यान में रखकर यह आयोजन किया गया है।'

उन्होंने आगे कहा कि 'बाइकर्स रास्तों में गुजरने के दौरान ग्रामीणों से मिलें। वीडियो बनाएं और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अनुभवों को दुनिया को बताएं। इससे उत्तर प्रदेश के उन पर्यटन स्थलों की जानकारी भी प्रदेश और देश को लोगों को मिलेगी, जो अब तक अनछुए हैं।'

करीब 330 किलोमीटर लंबी इस पहली पर्यटन बाइक यात्रा का रूट लखनऊ, कानपुर, बिंदकी और बांदा होते हुए ऐतिहासिक कालिंजर किले तक निर्धारित किया गया है। यात्रा का समापन धर्मनगरी चित्रकूट में होगा। इस दौरान प्रतिभागी बांदा के गुलमोहर ईको स्पॉट पर रुकेंगे, जहां उन्हें बुंदेलखंड की ग्रामीण संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण पर्यटन की अनूठी झलक देखने का अवसर मिलेगा।

इस दौरान महानिदेशक पर्यटन डॉ. वेदपति मिश्रा, प्रबंध निदेशक यूपीएसटीडीसी आशीष कुमार, उपनिदेशक कीर्ति एवं पर्यटन विभाग से जुड़े अन्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन