home page

रामादेवी फ्लाईओवर पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत

 | 
रामादेवी फ्लाईओवर पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत


कानपुर, 17 जून (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामादेवी फ्लाईओवर पर बुधवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस को मृतक के पास मिले दस्तावेजों से उसकी पहचान संदीप कुमार के रूप में होने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक भौंती की ओर से बाइक लेकर फ्लाईओवर पर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस को मृतक के पास से मिले बैग की तलाशी में संदीप कुमार नाम से जुड़े कुछ दस्तावेज मिले हैं। पुलिस दस्तावेजों के आधार पर परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है ताकि मृतक की पहचान की पुष्टि की जा सके।

हादसे के कारण फ्लाईओवर पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई और स्थिति को सामान्य किया।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मृतक की शिनाख्त होते ही परिजनों को सूचना दी जाएगी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप