home page

डंपर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, साथी घायल

 | 
डंपर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, साथी घायल


कानपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

फतेहपुर जिले के चतनपुर अमौली निवासी विवेक कुमार सचान (45) अपनी बहन के घर सजेती थाना क्षेत्र के निमधा गांव में रहकर खेती-किसानी करते थे। आज वह गांव के सुरजन सिंह के साथ बाइक से घाटमपुर ट्यूबवेल का सामान खरीदने गए थे। खरीदारी के बाद दोनों वापस गांव लौट रहे थे। तभी घाटमपुर चौराहे के पास कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विवेक सड़क पर गिरकर डंपर के पहियों की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। सुरजन सिंह दूसरी ओर गिरने से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया और मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर फरार चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप