तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक : भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत
बांदा, 11 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने मंगलवार बांदा जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी मण्डलों में तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहर के उत्तरी मण्डल, दक्षिणी मण्डल, बबेरू मण्डल, जसपुरा मण्डल व पैलानी मण्डल में जोश व खरोश के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गईl
भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत के नेतृत्व में बबेरू में निकाली गई तिरंगा यात्रा रामलीला मैदान से बबेरू चौराहा, सुन्दर कुआँ से चलकर अम्बेडकर चौराहे में समाप्त हुईl यात्रा में सभी लोग भारत माता की जय व वंदेमातरम के नारे लगा रहे थेl सभी लोग हाथों में लहराता तिरंगा लिए हुए भारत माता की जय और वंदेमातरम का जय घोष कर रहे थे।
इस अवसर पर देश भक्ति गीतों से पूरा वातावरण गूंजता रहा। यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्र भक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा में उमड़े जनसैलाब में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश प्रेम की भावना का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा का लोगों ने जगह जगह स्वागत कर पुष्प वर्षा करते हुए शामिल और उत्साह बढ़ाया।
जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत ने कहा की तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। इसके सम्मान में देश का प्रत्येक नागरिक भावनात्मक रूप से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश भक्त की भावना को जन जन तक पहुँचाने का माध्यम है। इसमें सभी लोगों को पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनना चाहिए।
दक्षिण मंडल की शहर के रामलीला मैदान से महेश्वरी देवी चौराहा, बलखंडी नाका, पदमाकर चौराहे से निकाली गई तिरंगा यात्रा का नेतृत्व सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। यह अभियान देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने वाला है। उन्होंने सभी से अपने घरों में तिरंगा फहरा कर राष्ट्रीय पर्व में सहभागी बनने का अहवाहन किया। उन्होंने कहा की तिरंगा प्रत्येक भारतीय के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में राष्ट्रीय एकता अखंडता और राष्ट्र ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
बबेरू तिरंगा यात्रा में विवेकानंद गुप्ता, सौरभ शिवहरे, सुधीर कुशवाहा, अजय पटेल, बांदा मंडल के तिरंगा यात्रा में राजेश गुप्ता रज्जन, संतोष राजपूत के अलावा मंडल के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसी प्रकार जसपुरा मंडल की तिरंगा यात्रा ब्लॉक सभागार से तहसील कार्यालय तक निकाली गई। साथ ही पैलानी मंडल की तिरंगा यात्रा चिल्ला में बड़े ही उत्साह के साथ निकली गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

