फर्रुखाबाद: बिहार में भरत तिवारी के एनकाउंटर मामले में राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
फर्रुखाबाद, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गुरुवार को बिहार में बीते दिनों हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में
राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन
जिलाधिकारी को सौंपा।
महासभा के जिलाध्यक्ष अमन दुबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि भरत तिवारी के साथ हुए कथित एनकाउंटर को लेकर समाज में गहरा आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। संगठन का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध कोई अपराध सिद्ध होता है तो उसके खिलाफ विधि द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी भी स्थिति में कानून से हटकर की गई कार्रवाई न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है।
ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके। संगठन ने यह भी मांग उठाई कि जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराई जाए तथा यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उनके विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार को शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाने की मांग भी की गई।
संगठन ने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, जिससे जनता का कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अनुज दुबे, जिला मंत्री आकाश तिवारी, अभिषेक दुबे, मिथिलेश पाठक, पंकज अवस्थी, विजय शुक्ला, सचिन शुक्ला, अजय दुबे अज्जू, संजय दुबे, नितिन दुबे आदि रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

