बागपत में धूमधाम से मनाया गया भाई दूज, हरियाणवी सिंगर रेणुका पवार ने भाई को लगाया तिलक
बागपत, 11 नवंबर (हि.स.)। बागपत जनपद में भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक भाई दूज का त्योहार बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दिनभर घरों में पूजा-अर्चना का दौर चला और बाजारों में भी खासी रौनक देखने को मिली। बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।
बागपत की जानी-मानी हरियाणवी सिंगर रेणुका पवार ने भी परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ भाई दूज का पर्व मनाया। रेणुका पवार ने अपने भाई विक्की को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की और भाई से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर भाई विक्की ने भी बहन रेणुका को जीवनभर रक्षा करने का वचन दिया।
नए गाने ने वन मिलियन किये पार
रेणुका पवार ने बताया कि हाल ही में उनका नया गाना बींदणी लांच किया गया है। जिसके व्यूज वन मिलियन पार कर चुके हैं। मासूम शर्मा के साथ गए इस गाने ने धूम मचा दी है। भारत भर में यह गाना 57 नम्बर पर पहुंचकर श्रोताओं के दिल पर छाया हुआ है। उन्हाेंने बताया कि अभी कोई नए गाने की शूटिंग नहीं चल रही है।
बाजारों में रही दिनभर रौनक
भाई दूज को लेकर दिनभर बाजारों में रौनक बनी रही। मिठाई की दुकानों से लेकर किराना की दुकानों तक बहनों ने अपने भाई के लिए खरीदारी की। तिलक, मिठाई, फल, नारियल, उपहार और कपड़ों की दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही। दुकानदारों के चेहरे भी त्योहार की इस रौनक से खिले नजर आए।
गांवों से लेकर शहरों तक भाई दूज का उत्साह
सुबह से ही बहनें सज-धजकर भाइयों के घर पहुंचीं। विधि-विधान से पूजा के बाद तिलक की रस्म अदा की गई। परिवारों में खुशी का माहौल रहा और बच्चों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह दिखा। अग्रवाल मंडी टटीरी की पट्टी देशवाल में भाई दूज का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। यहां आस्था और आध्या मानव ने अपने भाइयों अर्थ मानव और बाहु मानव को तिलक लगाकर भाई दूज का पर्व मनाया। बहनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भाइयों को तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

