home page

भदोही में सजेगा चार दिवसीय 'ग्लोबल कालीन बाजार', 65 देशों के पहुंचेंगे खरीदार

 | 


- 200 से अधिक निर्यातक अपने उत्पाद और नए कलेक्शन का करेंगे प्रदर्शित

- अब तक करीब 325 विदेशी खरीदारों का पंजीकरण

भदोही, 03 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की कालीन नगरी भदोही एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय कालीन कारोबारियों की मेजबानी के लिए तैयार है। शहर के एक्सपो मार्ट में 04 से 07 अक्टूबर तक चार दिवसीय 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। संभावना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेले का शुभारम्भ करेंगे।

एक्सपो के प्रमुख व्यापारिक आयोजन में दुनिया के 65 देशों से खरीदार पहुंचेंगे, जबकि देश के विभिन्न कालीन उत्पादक क्षेत्रों से 200 से अधिक निर्यातक अपने उत्पाद और नए कलेक्शन प्रदर्शित करेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, अब तक करीब 325 विदेशी खरीदारों का पंजीकरण हो चुका है। आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस, रूस, कनाडा, इटली और स्पेन समेत विभिन्न देशों के खरीदार एक्सपो में भारतीय हस्तनिर्मित कालीनों और फ्लोर कवरिंग की खरीदारी तथा कारोबारी संभावनाओं का आकलन करेंगे।

इस बार एक्सपो में ब्रिक्स देशों के बाजार पर विशेष ध्यान दिया गया है। बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य के बीच निर्यातकों ने विदेशी खरीदारों को ध्यान में रखते हुए नए डिजाइन, आधुनिक पैटर्न और आकर्षक रंग संयोजन वाले कालीनों के सैंपल तैयार किए हैं। आयोजकों और निर्यातकों को उम्मीद है कि एक्सपो के जरिए भारतीय कालीनों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच मिलेगी।

इंडिया कारपेट एक्सपो में भदोही के अलावा कश्मीर, जयपुर, बीकानेर, पानीपत, आगरा, वाराणसी और मिर्जापुर समेत देश के प्रमुख कालीन उत्पादक केंद्रों के निर्यातक हिस्सा लेंगे। यहां हस्तनिर्मित कालीनों के साथ विभिन्न प्रकार के फ्लोर कवरिंग उत्पाद भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

कालीन निर्यात संवर्धन परिषद के वाइस चेयरमैन असलम महबूब के अनुसार, अब तक 325 खरीदारों ने पंजीकरण कराया है और यह संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि निर्यातकों में इस आयोजन को लेकर उत्साह है और विदेशी खरीदारों की भागीदारी से कारोबार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बदलते कारोबारी हालात के बीच इस एक्सपो को भदोही के कालीन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण जर्मनी और दिल्ली में आयोजित होने वाले महत्वपूर्ण फेयर रद्द होने के बाद निर्यातकों की निगाहें अब भदोही के इस बड़े आयोजन पर टिकी हैं।

इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर एक्सपो मार्ट परिसर की तैयारियों तक प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। मेला क्षेत्र और भदोही शहर को भी आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।

चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन केवल कालीन कारोबार के लिए ही नहीं, बल्कि भदोही की वैश्विक कारोबारी पहचान को मजबूत करने के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। विदेशी खरीदारों और भारतीय निर्यातकों की सीधी कारोबारी भागीदारी से नए ऑर्डर, नए बाजार और निर्यात विस्तार की संभावनाएं बनने की उम्मीद है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल