भदोही सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख
भदोही, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में रविवार को हुए सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और मृतकों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
पुलिस के अनुसार, हादसा औराई कोतवाली क्षेत्र के महराजगंज-औराई मार्ग पर इटवा ऊपरवार के पास हुआ। यहां एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद नाले में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मेदिनीपुर गांव निवासी विवेक, सूरज और पुनीत के रूप में हुई है। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
औराई के क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत एवं आवश्यक कार्रवाई में कोई लापरवाही न हो। साथ ही मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

