home page

विकास योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, समयबद्ध तरीके से जनता तक पहुंचे : सांसद

 | 
विकास योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, समयबद्ध तरीके से जनता तक पहुंचे : सांसद


कानपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। विकास योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहकर सीधे और समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचे, यही प्राथमिकता रहेगी। मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाते हुए कानपुर की विकास आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से संसदीय मंच पर रखा जाएगा। यह बातें शुक्रवार को सांसद रमेश अवस्थी ने कही।

कानपुर से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी को लोकसभा की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना समिति में सदस्य नामित किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष के मनोनयन के बाद सांसद को समिति में नई जिम्मेदारी मिली है। इससे स्थानीय विकास कार्यों से जुड़े विषयों को संसदीय स्तर पर उठाने और योजनाओं की निगरानी व समीक्षा का अवसर मिलेगा।

सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के तहत सांसद अपने संसदीय क्षेत्र की स्थानीय जरूरतों के अनुसार पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों की अनुशंसा करते हैं। प्रत्येक सांसद के संसदीय क्षेत्र के लिए प्रतिवर्ष पांच करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान है। ऐसे में समिति की भूमिका विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती है। सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित करना उनका संकल्प है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को जन-आकांक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना समिति में जिम्मेदारी मिलने से कानपुर की विकास आवश्यकताओं को व्यापक संसदीय मंच पर रखने का अवसर मिला है। केंद्र और स्थानीय स्तर के बेहतर समन्वय के माध्यम से जनहित के विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप