home page

खुद को गोली मारने से पहले संजय ने बनाए तीन वीडियो, पत्नी और भाई पर लगाए गंभीर आरोप

 | 
खुद को गोली मारने से पहले संजय ने बनाए तीन वीडियो, पत्नी और भाई पर लगाए गंभीर आरोप


खुद को गोली मारने से पहले संजय ने बनाए तीन वीडियो, पत्नी और भाई पर लगाए गंभीर आरोप


जौनपुर,25 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र के मझगवां खुर्द गांव में सोमवार देर रात संजय यादव (48)ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा मंगलवार सुबह तब हुआ, जब उनके कमरे का दरवाजा देर तक नहीं खुला। परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो वह बिस्तर पर मृत पड़े थे। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गजानंद चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। केराकत क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। बुधवार को एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें संजय यादव ने आत्महत्या से पहले तीन वीडियो बनाए थे, जिनकी अवधि 26 सेकेंड, 23 सेकेंड और करीब 2 मिनट 19 सेकेंड बताई जा रही है। वीडियो में उन्होंने परिवार के कुछ सदस्यों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। वीडियो में संजय ने अपनी पत्नी के अपने भाई मुन्ना से अवैध संबंधों का जिक्र किया है।उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई और अपने भाई मुन्ना,बेटे और पत्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही अपने ऊपर कर्ज होने की बात कहते हुए जानवर बेचकर कर्ज चुकाने की अपील भी की।परिजनों के अनुसार संजय यादव तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और गांव में रहकर खेती-बाड़ी व ट्रैक्टर से जुताई का कार्य करते थे। परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के समय वह मकान की दूसरी मंजिल पर अकेले थे, जबकि अन्य सदस्य खेत पर बने घर में थे।थाना प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे वह एक मित्र के साथ भोजन कर घर लौटे थे और अपने कमरे में सोने चले गए थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। वायरल वीडियो की भी जांच की जाएगी जो सामने आयेगा उस पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव